राज्य

हाथ में पुड़िया.. 'नशेड़ी' बन गए IPS अफसर:जीतू पटवारी से चलती सभा में तीखे सवाल; हेड कॉन्स्टेबल की कुर्सी पर बैठा शराब ठेकेदार

Admin/July 21, 2026/5 min read/2 views
हाथ में पुड़िया.. 'नशेड़ी' बन गए IPS अफसर:जीतू पटवारी से चलती सभा में तीखे सवाल; हेड कॉन्स्टेबल की कुर्सी पर बैठा शराब ठेकेदार
मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। 'बात खरी है' मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। जीतू पटवारी का तीखे सवालों से सामना प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दतिया में डेरा डाल दिया है। अपने ऐलान के मुताबिक वे गांव-गांव घूम रहे हैं। कार्यकर्ताओं के घर खाना खा रहे हैं और छोटी-छोटी सभाएं कर कांग्रेस के लिए प्रचार कर रहे हैं। इसी प्रचार अभियान के दौरान उनका एक ग्रामीण के तीखे सवालों से सामना हो गया। पटवारी एक गांव में नुक्कड़ सभा कर रहे थे। तभी एक युवक खड़ा हुआ और उसने कांग्रेस प्रत्याशी को लेकर सवाल खड़े कर दिए। युवक ने जीतू पटवारी से कहा- कांग्रेस कभी राजा-महाराजाओं के बाहर निकल नहीं सकती। ये सच्चाई है। जिसके नाम के आगे 'कुंवर' और पीछे 'राजा' लगा हो, वह रजवाड़ा देखे, लोकतंत्र नहीं। इतना ही नहीं, युवक ने पूर्व विधायक राजेंद्र भारती की विधायकी जाने को भी सही ठहराया। दरअसल, जीतू पटवारी भाजपा पर संविधान विरोधी होने का आरोप लगा रहे थे। तभी युवक ने कहा कि राजेंद्र भारती मुजरिम थे और संविधान के मुताबिक ही उन पर कार्रवाई हुई है। उसने कहा कि अगर आप भारतीय संविधान की बात करते हैं, तो उसी तौर-तरीके की बात रखिए। अब लोग कह रहे हैं कि नेता बनना आसान नहीं है। वोट के लिए गली-गली घूमना पड़ता है और जनता के तीखे सवालों के साथ उसकी खरी-खरी बातें भी सुननी पड़ती हैं। हेड साहब की कुर्सी पर बैठा शराब ठेकेदार मुरैना के सबलगढ़ थाने में एक शराब ठेकेदार बिना किसी रोक-टोक और बेखौफ होकर हेड कॉन्स्टेबल की कुर्सी पर बैठ गया। किसी ने इसका वीडियो बना लिया, जिसके बाद थाने की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि दुर्गेश जादौन नाम का शराब ठेकेदार थाना प्रभारी पंकज मुद्गल से मिलने आया था। उस समय थाना प्रभारी थाने में नहीं थे। इसके बाद ठेकेदार हेड कॉन्स्टेबल की कुर्सी पर बैठ गया और आराम से मोबाइल चलाने लगा। खास बात यह है कि वीडियो में ठेकेदार के आसपास कोई पुलिसकर्मी नजर नहीं आ रहा है। जिस जगह पर वह बैठा था, उसके पास ही महिला-पुरुष बंदीगृह, शस्त्रागार और कंप्यूटर कक्ष मौजूद हैं। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि एक बाहरी व्यक्ति थाने के भीतर अधिकारी की कुर्सी तक कैसे पहुंच गया। इस मामले में जब थाना प्रभारी पंकज मुद्गल से सवाल किया गया तो उन्होंने मुरैना जिले के लोगों पर ही टिप्पणी कर दी। उनका कहना था कि यह मुरैना है। यहां के लोगों में दिमाग नहीं है। कुछ भी कहते हैं। मुझे भी 'तुम' कहकर बुलाते हैं। अब सवाल उठ रहे हैं कि थाने में आने-जाने वालों की निगरानी किस तरह होती है। यदि कोई बाहरी व्यक्ति इतनी आसानी से थाने के संवेदनशील हिस्से तक पहुंच सकता है, तो सुरक्षा व्यवस्था का अंदाजा आप खुद ही लगा सकते है। आईपीएस अफसर ने दिखाई गजब की एक्टिंग सीहोर के एएसपी आईपीएस प्रशांत चौबे अपनी एक्टिंग को लेकर इन दिनों खासे चर्चा में हैं। दरअसल, पुलिस विभाग के 'नशे से दूरी है जरूरी' अभियान के तहत उन्होंने नशेड़ी के किरदार में एक रील बनाई और नशा मुक्ति का संदेश दिया है। रील में वे नशे में धुत व्यक्ति के अंदाज में हाथ में पुड़िया लेकर ये कहते नजर आते हैं कि मेरे पास ये पुड़िया है और ये पुड़िया ही मेरा जीवन है। इसके बाद वे बताते हैं कि इस पुड़िया ने उनका सबकुछ कैसे बर्बाद कर दिया। पढ़ाई छुड़वा दी, नौकरी छुड़वा दी। पत्नी छोड़कर चली गई। दुकान लगाई तो उसका सारा सामान बेच दिया। यहां तक कि घर के बर्तन भी बेच दिए। इस रील के जरिए आईपीएस ने बताया कि नशा केवल और केवल नुकसान ही पहुंचाता है। इसलिए समझदारी इसी में है कि नशे से दूर रहा जाए। अब लोग आईपीएस प्रशांत चौबे की नौकरी के साथ की गई इस एक्टिंग और नशे के खिलाफ संदेश देने की उनकी पहल की सराहना कर रहे हैं। और अब अंदर की बात.. फोन नहीं उठाते कलेक्टर, पूर्व सीएम से शिकायत राजधानी से लगे एक जिले के सत्ताधारी दल के जनप्रतिनिधि कलेक्टर से परेशान हैं। दरअसल, कलेक्टर साहब इनके फोन ही नहीं उठाते। इसके बाद जनप्रतिनिधियों ने एडीएम को फोन लगाना शुरू कर दिया। इससे एडीएम भी परेशान हो गए। उन्होंने कलेक्टर से कहा- आप नेताओं के फोन नहीं उठाते, तो वे मुझे फोन करते हैं। इस पर कलेक्टर ने उन्हें भी नेताओं के फोन नहीं उठाने की सलाह दे दी। अब जनप्रतिनिधियों ने इस पूरे मामले की शिकायत पूर्व सीएम तक पहुंचा दी है। अब देखना यह है कि यह शिकायत सरकार तक कब पहुंचती है। इस मामले में जनप्रतिनिधियों की नेतागिरी चमकेगी या फिर कलेक्टर की कलेक्टरी, यह देखने वाली बात होगी। इनपुट सहयोग - राधावल्लभ मिश्रा (दतिया), कपिल जैन (विदिशा), दुष्यंत सिकरवार (मुरैना) ये भी पढ़ें - CM के हेलिकॉप्टर में बैठने के लिए दौड़े मंत्री: सिंधिया ने 'हाईकमान' के लिए खरीदीं चूड़ियां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के हेलिकॉप्टर में बैठने के लिए मंत्री दिलीप अहिरवार ने दौड़ लगा दी। इसका वीडियो सामने आया है। अब लोग इसे चटकारे लेकर शेयर कर रहे हैं। इधर, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का एक दिलचस्प वीडियो सामने आया है। इसमें वे अपनी पत्नी के लिए पीले रंग की चूड़ियां लेते नजर आ रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें

About Admin

Media Pramukh

Related News

Comments

No approved comments yet.