Mediapramukh.com
स्पोर्ट्स

स्पोर्ट्स अपडेट- भारत का जूडो खिलाड़ी डोप टेस्ट में फेल:कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड का दावेदार था, सिंधु चीन ओपन का प्री-क्वार्टर फाइनल हारीं

AdminJuly 23, 2026
स्पोर्ट्स अपडेट- भारत का जूडो खिलाड़ी डोप टेस्ट में फेल:कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड का दावेदार था, सिंधु चीन ओपन का प्री-क्वार्टर फाइनल हारीं
कॉमनवेल्थ गेम्स शुरू होने से ठीक पहले भारतीय जूडोका अरुण कुमार डोप टेस्ट में फेल हो गए हैं। वे 73 किलोग्राम वेट कैटेगरी में गोल्ड मेडल के दावेदार थे। उन्हें भारतीय टीम से बाहर कर दिया गया है। जूडो फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मुकेश कुमार ने कहा कि अरुण से पदक की उम्मीद थी, लेकिन इतने कम समय में उनका विकल्प नहीं चुना जा सकता। मुकेश ने कहा- ‘हमें बुधवार को नोटिस मिला है, जिसमें 15 दिन के भीतर जवाब देने को कहा गया है। उन्हें जवाब देने का मौका मिलेगा, लेकिन नियमों के तहत वह प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले सकते। इतने कम समय में किसी दूसरे खिलाड़ी को शामिल करना भी संभव नहीं है।’ स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… पीवी सिंधु को चेन युफेई ने 16-21, 22-20, 21-18 से हराया पिछले हफ्ते जापान ओपन सुपर-750 जीतने वाली पीवी सिंधु का चीन ओपन सुपर-1000 का प्री-क्वार्टर फाइनल हार गई हैं। उन्हें गुरुवार को वर्ल्ड नंबर-4 और घरेलू खिलाड़ी चेन युफेई ने 16-21, 22-20, 21-18 से हराया। यह मैच 1 घंटे 29 मिनट तक चला। चांगझोउ में सिंधु ने पहला गेम जीतकर शानदार शुरुआत की और दूसरे गेम में भी जीत के बेहद करीब पहुंच गई थीं। उनके पास मुकाबला समाप्त करने के चार मैच प्वाइंट थे, लेकिन वह उन्हें भुना नहीं सकीं। इसका फायदा उठाते हुए युफेई ने लगातार अंक जुटाए और दूसरा गेम 22-20 से जीतकर मैच बराबरी पर ला दिया। निर्णायक गेम में भी दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, लेकिन अहम मौकों पर युफेई ने बेहतर संयम दिखाया और 21-18 से जीत दर्ज कर ली। ओवल में होगा 2027 WTC फाइनल: 9-13 जून को मुकाबला ICC ने 2027 वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) फाइनल के वेन्यू का ऐलान कर दिया है। खिताबी मुकाबला 9-13 जून 2027 के बीच लंदन के द ओवल में खेला जाएगा। ओवल लगातार दूसरी बार WTC फाइनल की मेजबानी करेगा। 2023 में इसी मैदान पर ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराकर खिताब जीता था। ICC ने कहा कि 2027 में टेस्ट क्रिकेट के 150 साल पूरे होने से यह फाइनल और खास होगा। वहीं ECB ने बताया कि उसे 2027, 2029 और 2031 के WTC फाइनल की मेजबानी मिली है। जिदान फ्रांस फुटबॉल टीम के मैनेजर बन सकते हैं पूर्व फुटबॉलर जिनेदिन जिदान के मंगलवार को आधिकारिक तौर पर फ्रांस के मुख्य कोच नियुक्त किए जाने की उम्मीद है। वह 2012 से टीम की कमान संभाल रहे दिदिएर देशां की जगह लेंगे। 54 वर्षीय जिदान 2030 फीफा वर्ल्ड कप तक चार साल के अनुबंध पर हस्ताक्षर करेंगे। देशां के लंबे और सफल कार्यकाल के बाद अब फ्रांस टीम नई दिशा में आगे बढ़ेगी। रिपोर्ट के मुताबिक, फीफा वर्ल्ड कप 2026 के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए स्पेन के मिडफील्डर रोड्री पर रियल मैड्रिड की नजर है। मैनचेस्टर सिटी के साथ उनका अनुबंध अब केवल एक साल का बचा है, जिससे इस गर्मी में उनके ट्रांसफर की अटकलें तेज हो गई हैं। बांग्लादेशी पेसर इबादत हुसैन ऑस्ट्रेलिया सीरीज से बाहर बांग्लादेश के तेज गेंदबाज इबादत हुसैन अगले महीने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज से बाहर हो गए हैं। वे पिता बनने वाले हैं। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के तहत बांग्लादेश 13 अगस्त से डार्विन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगा। इससे पहले टीम 3 अगस्त से क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इलेवन के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच खेलेगी। बांग्लादेश की चिंता सिर्फ इबादत तक सीमित नहीं है। तेज गेंदबाज नाहिद राणा की साइड इंजरी का स्कैन कराया गया है। पहले टेस्ट में उनकी उपलब्धता पर फैसला होना बाकी है। टीम को उम्मीद है कि अनुभवी बल्लेबाज लिटन दास पिंडली की चोट से उबरकर समय पर फिट हो जाएंगे। बैटिंग कोच मोहम्मद अशरफुल ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया दौरा चुनौतीपूर्ण होगा, लेकिन जल्दी पहुंचने और अभ्यास मैच खेलने का फायदा मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी खिलाड़ी फिट रहे तो बांग्लादेश अच्छा प्रदर्शन करेगा। हाल ही में जिम्बाब्वे के खिलाफ हरारे टेस्ट में बल्लेबाजी विफल रहने के बावजूद अशरफुल ने कहा कि पिछले सात महीनों में बल्लेबाजों ने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 2-0 की ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीत का जिक्र करते हुए कहा कि एक-दो खराब मैचों से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास नहीं डगमगाना चाहिए। अभिनव मुकुंद ने 2027 वर्ल्डकप टीम में रोहित-कोहली को चुना, संजू-तिलक बाहर पूर्व भारतीय ओपनर अभिनव मुकुंद ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए 15 मेंबर्स की भारतीय टीम चुनी है। उन्होंने ESPN क्रिकइन्फो के यूट्यूब चैनल पर अपनी टीम का ऐलान किया। अभिनव ने रोहित शर्मा और विराट कोहली पर भरोसा जताया है। जबकि, संजू सैमसन, तिलक वर्मा और यशस्वी जायसवाल को अपनी टीम से बाहर किया है। शुभमन गिल को कप्तान बनाया है। अभिनव मुकुंद की वर्ल्डकप टीम शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, गुरनूर बराड़। शाहिदी के इस्तीफे के बाद रहमत शाह टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान बने अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने हश्मतुल्लाह शाहिदी के इस्तीफे के बाद अनुभवी बल्लेबाज रहमत शाह को टेस्ट और वनडे टीम का नया कप्तान नियुक्त किया है। रहमानुल्लाह गुरबाज दोनों फॉर्मेट में उपकप्तान होंगे। दोनों आयरलैंड के खिलाफ आगामी सीरीज से नई जिम्मेदारी संभालेंगे। रहमत शाह 2021 से अफगानिस्तान की टेस्ट और वनडे टीम के उपकप्तान रहे हैं। एसीबी ने कहा कि रहमत का अनुभव, नेतृत्व क्षमता और टीम की गहरी समझ अफगानिस्तान क्रिकेट को आगे नई सफलताएं दिलाएगी। हश्मतुल्लाह शाहिदी को मई 2021 में कप्तान बनाया गया था। उनके नेतृत्व में अफगानिस्तान ने 55 वनडे में 27 जीत दर्ज की। 2023 वनडे विश्व कप में टीम ने इंग्लैंड, पाकिस्तान, श्रीलंका और नीदरलैंड को हराकर छठा स्थान हासिल किया। इस प्रदर्शन के दम पर अफगानिस्तान ने 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के लिए क्वालिफाई किया, जहां पहले ही अभियान में इंग्लैंड को हराकर पांचवें स्थान पर जगह बनाई। शाहिदी की कप्तानी में अफगानिस्तान पहली बार आईसीसी पुरुष वनडे टीम रैंकिंग में सातवें स्थान तक पहुंचा। टीम ने 2024-25 में लगातार पांच वनडे सीरीज जीतीं, जिनमें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहली द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीत भी शामिल रही। बांग्लादेश के खिलाफ लगातार तीन वनडे सीरीज जीतना भी उनके कार्यकाल की बड़ी उपलब्धियों में रहा।

Related News

Comments

No approved comments yet.