Mediapramukh.com
राज्य

युवती ने थाना परिसर में खाया जहर, VIDEO:पुलिस से कहा- जिंदगी बर्बाद कर दी; भाई बोला- मारपीट मामले में कार्रवाई नहीं कर रहे

AdminAugust 2, 2026
युवती ने थाना परिसर में खाया जहर, VIDEO:पुलिस से कहा- जिंदगी बर्बाद कर दी; भाई बोला- मारपीट मामले में कार्रवाई नहीं कर रहे
छतरपुर जिले में युवती ने थाना परिसर में जहरीला पदार्थ खा लिया। पुलिस ने उसे तुरंत महाराजपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने युवती को 24 घंटे ऑब्जर्वेशन में रखा है। मामला महाराजपुर थाना परिसर में शनिवार का है। युवती के जहर खाने का वीडियो रविवार को सामने आया। उसकी पहचान 22 वर्षीय पिंकी नायक के रूप में हुई है। युवती बोली- इन लोगों ने हमारी जिंदगी बर्बाद कर दी वीडियो में पिंकी थाना परिसर में खड़ी दिखाई दे रही है। वह एक पैकेट फाड़कर उसमें भरा पदार्थ मुंह में डालती है। वह कहती है- इन लोगों ने हमारी जिंदगी खराब कर दी, हम अपनी जान ले रहे हैं। ये देखकर थाने से पुलिसकर्मी बाहर आते हैं। एक पुलिसकर्मी पूछता है- क्या खाए हो? पिंकी कुछ नहीं कहती। पुलिसकर्मी फिर सवाल करता है- क्या खाए हो? लेकिन पिंकी कुछ नहीं बोलती। इसके बाद दूसरा पुलिसकर्मी कहता है- थूको इसको…थूको। इस पर पिंकी दोहराती है- इन लोगों ने हमारी जिंदगी बर्बाद कर दी है। बहुत अत्याचार हो रहा है हम पर। इसके बाद महिला पुलिसकर्मी की सहायता से पिंकी को अस्पताल पहुंचाया गया। देखिए, तीन तस्वीरें… भाई ने पड़ोसियों पर कराया था मारपीट का केस एसपी रजत सकलेचा ने कहा- पिंकी का भाई प्रशांत नायक इलाके का निगरानीशुदा बदमाश है। 6 जुलाई को उसने अपने पड़ोसी संतोष रैकवार और उसके साथियों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए FIR कराई थी। इसके बाद मोहल्ले में ही रहने वाले किशन कुशवाहा ने प्रशांत नायक और उसके साथियों पर रंगदारी मांगने का केस दर्ज कराया था। जान से मारने की धमकी देने की बात भी कही थी। पुलिस दोनों मामलों में जांच कर रही थी। आरोपी पर बंदूक लेकर धमकाने का आरोप लगाया एक अगस्त को पिंकी, प्रशांत और उनकी मां थाने आए। पुलिस से कहा- संतोष रैकवार अपने साथी- राहुल पुरोहित, सतीश पुरोहित और एक अन्य के साथ दो मोटर साइकिलों से हमारे घर आया। उसके हाथ में बंदूक थी। उन्होंने हमें केस वापस लेने के लिए धमकाया। एसपी सकलेचा ने कहा- पुलिस ने पिंकी और उसके परिजन की शिकायत पर संतोष रैकवार के खिलाफ अलग केस दर्ज कर लिया। जब थाने का स्टाफ उनके बयान दर्ज कर रहा था, इसी बीच पिंकी थाने से बाहर आई और जहरीला पदार्थ खा लिया। एसपी रजत सकलेचा ने कहा- पुलिस तीनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है। सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं। जो भी दोषी होगा, उस पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। भाई बोला- पुलिस ने पैसे लेकर आरोपियों से साठगांठ की पिंकी के भाई प्रशांत नायक ने कहा- हम पिछले एक महीने से थाने के चक्कर लगा रहे थे। एफआईआर दर्ज होने के बावजूद मारपीट के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई। टीआई ने आरोपियों से लेनदेन कर लिया। इससे बेखौफ होकर संतोष रैकवार हमें धमकाने घर चला आया। प्रशांत ने कहा- पुलिस की निष्क्रियता की वजह से ही मेरी बहन पिंकी ने जहर खाया है। डॉक्टर ने कहा- 24 घंटे ऑब्जर्वेशन में रहेगी युवती जिला अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर आनंद त्रिपाठी ने कहा- पिंकी को 24 घंटे के ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। इसके बाद ही उसकी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। ये खबर भी पढ़ें… युवक ने थाने के बाहर जहर खाया, कहा- मुसलमान बनने दबाव डाल रही पत्नी विदिशा में पत्नी और ससुरालवालों पर प्रताड़ना के आरोप लगाकर युवक ने थाने के बाहर जहर खा लिया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सुसाइड से पहले युवक की किसी रिश्तेदार से बातचीत का ऑडियो सामने आया है। जिसमें वह कह रहा है- पत्नी मुसलमान बनने के लिए दबाव डाल रही है। पढे़ं पूरी खबर…

Related News

Comments

No approved comments yet.