'मुस्लिम रिश्तों में जहां इजाजत वहां शादी पर रोक नहीं':यूसीसी पर बोले बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष; कहा- मुस्लिमों में भ्रम फैलाया जा रहा
AdminAugust 1, 2026
बैतूल में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने कहा कि मध्यप्रदेश में यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) को लेकर मुस्लिम समाज में अनावश्यक भ्रम फैलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुस्लिम समाज को यूसीसी से डरने की जरूरत नहीं है। जैसे पहले निकाह होते थे, वैसे ही आगे भी होंगे। मुस्लिम समाज में जिन रिश्तों में पहले से शादी की धार्मिक अनुमति है, उन पर किसी प्रकार की रोक नहीं लगाई गई है। भोपाल से नागपुर जाते समय बैतूल में दैनिक भास्कर से चर्चा करते हुए सिद्दीकी ने कहा कि यूसीसी सभी धर्मों के लिए समान कानून है। जिन धर्मों में ब्लड रिलेशन में विवाह की अनुमति नहीं है, वहां ऐसा करने पर कानून के तहत कार्रवाई होगी। लेकिन मुस्लिम समाज में जिन रिश्तों में इस्लामी परंपरा के अनुसार निकाह की अनुमति है, वहां पहले की तरह विवाह होते रहेंगे। इसलिए किसी को गुमराह होने या डरने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि इस कानून से डरने की जरूरत केवल उन्हें है जो चार शादियां करते हैं या किसी महिला को धोखा देकर विवाह करते हैं। उनके अनुसार कुछ लोगों ने केवल शादी करने के उद्देश्य से धर्म परिवर्तन कर मुस्लिम बनकर मुस्लिम महिलाओं से विवाह किए, जिससे महिलाओं के साथ-साथ इस्लाम की भी बदनामी हुई। यूसीसी ऐसे मामलों पर रोक लगाएगा। कांग्रेस ने मुस्लिम समाज को भ्रमित किया
जमाल सिद्दीकी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वर्षों तक मुस्लिम समाज को बहकाने का काम किया, जिससे समाज विकास की मुख्यधारा से पीछे रह गया। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि मुस्लिम समाज इन "बेड़ियों" को तोड़कर अपने और देश के विकास के लिए भाजपा के साथ जुड़े। उन्होंने बताया कि देशभर में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा सदस्यता अभियान चला रहा है, जिसमें अब तक 45 लाख लोग जुड़ चुके हैं। मुस्लिम प्रतिनिधित्व बढ़ना चाहिए
उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात का मलाल है कि मुस्लिम समाज भाजपा के लिए विधानसभा और लोकसभा में पर्याप्त जनप्रतिनिधि नहीं दे पा रहा है। उनका कहना था कि जब समाज भाजपा से जुड़ेगा, तभी राजनीतिक भागीदारी भी बढ़ेगी। मध्यप्रदेश भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं होने के सवाल पर सिद्दीकी ने कहा कि संगठन में सभी नियुक्तियां व्यापक मंथन के बाद की जाती हैं। कुछ लोग जानबूझकर भ्रम फैला रहे हैं कि प्रदेश अध्यक्ष नहीं बनाया जा रहा है, जबकि संगठन उचित समय पर निर्णय लेगा। लव जिहाद कानून का किया समर्थन
उन्होंने कहा कि जब सरकार लव जिहाद के खिलाफ कानून बनाती है तो कुछ लोग इसे मुस्लिम विरोधी बताने लगते हैं, जबकि इसी कानून से मुस्लिम समाज की बेटियों को भी न्याय मिला है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज खुद ही हर कानून को अपने खिलाफ मान लेता है, जबकि ऐसा नहीं है। जमाल सिद्दीकी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभी देशवासियों के "पालक" हैं। वह ऐसा कोई कानून नहीं बनाएंगे जिससे किसी एक समाज को नुकसान पहुंचे। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे हो चुके हैं, अब भी यदि लोग उन पर भरोसा नहीं करेंगे तो कब करेंगे। उनका कहना था कि भाजपा मजबूत होगी तो सभी समाजों का विकास होगा।
Related News
कार की बाइक में टक्कर, 2 युवकों की मौत:खरगोन में टकराने की वजह से गाड़ी जली, चार पहिया वाहन के भी कांच टूटे
सीएम बोले-ढाई साल में सिंचाई रकबा 10 लाख हेक्टेयर बढ़ा:कहा- किसान अब ड्रोन से सिंचाई कर रहे; फार्मर्स का सम्मान
पहले कार बेचते फिर उसे ही चुरा लेते:भिंड में वकालत के स्टूडेंट्स का फर्जीवाड़ा गिरोह पकड़ाया; किराए पर लेते थे वाहन
नगर निगम कंट्रोल करेगा जबलपुर के ट्रैफिक सिग्नल:रखरखाव के लिए हर सिग्नल पर मिलेंगे ₹1.50 लाख, हाईकोर्ट ने कहा- बाधा बने अतिक्रमण तुरंत हटाएं
Comments
No approved comments yet.
