बालाघाट: बाघ के हमले से बुजुर्ग, मवेशियों की मौत:एक सप्ताह में दूसरी घटना, ग्रामीणों में आक्रोश, वन विभाग पर सवाल
AdminAugust 10, 2026
बालाघाट जिले के खैरलांजी वन परिक्षेत्र अंतर्गत पांढरवानी गांव में बाघ के हमले से एक बुजुर्ग और उनके दो मवेशियों की मौत हो गई। मृतक देवकराम बाघमारे का शव सोमवार को गांव के पास जंगल में मिला। यह एक सप्ताह के भीतर बाघ के हमले से हुई दूसरी मौत है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। जानकारी के अनुसार, 50 वर्षीय किसान देवकराम बाघमारे रविवार दोपहर अपनी गाय और बछड़े को चराने गांव से लगे जंगल में गए थे। देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन रात तक उनका कोई पता नहीं चल सका। सोमवार को परिजन और ग्रामीण दोबारा देवकराम की तलाश में जंगल पहुंचे। वहां उन्हें पहले गाय और बछड़ा मृत अवस्था में मिले। कुछ ही दूरी पर देवकराम का शव भी खून से लथपथ पड़ा मिला। घटनास्थल के आसपास वन्यप्राणी के पंजों के निशान और हमले के स्पष्ट चिन्ह भी मौजूद थे। इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी गुस्सा भड़क उठा। उन्होंने हिंसक हो चुके बाघ को मारने की मांग की। घटना की सूचना मिलते ही खैरलांजी परिक्षेत्र के एसडीओ, परिक्षेत्र अधिकारी और तिरोड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वन विभाग ने मृतक के परिजनों को तत्काल 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की है। आशंका जताई जा रही है कि बाघ ने पहले मवेशियों पर हमला किया होगा और उन्हें बचाने के प्रयास में देवकराम भी बाघ का शिकार हो गए। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और वन विभाग के प्रति ग्रामीणों में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है। पहले से थी क्षेत्र में दहशत सरपंच दीपक देशमुख ने बताया कि देवकराम रविवार को मवेशी को चराने जंगल की ओर गए थे, देर शाम तक घर नहीं पहुंचे तो उन्हें तलाश शुरू की गई। सोमवार को उनका शव जंगल में पाया गया और दो मवेशी भी मृत है। वन विभाग ने तत्काल मृतक के परिजनों को 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि दी है। 24 घंटे के भीतर मुआवजा प्रदान करने का भरोसा दिलाया है। लंबे समय से क्षेत्र में बाघ की दहशत है, वह अब तक कई मवेशियों को अपना शिकार बना रहा था। जिसकी जानकारी भी वनविभाग को दी गई, लेकिन विभाग ने कोई ध्यान नहीं दिया। मृतक का शव तिरोड़ी पुलिस ने बरामद कर पीएम के लिए कटंगी अस्पताल भेजा गया है।
Related News
सावन के दूसरे सोमवार पर सागरेश्वर महादेव में जलाभिषेक:चंदिया में रुद्राभिषेक और मिट्टी के शिवलिंग की पूजा
खुशखबर...कलियासोत, केरवा-कोलार में बढ़ा पानी:भोपाल में 24 घंटे में 7 इंच बारिश; 50 से ज्यादा इलाकों में जलभराव, पेड़ गिरे
सीहोर में बारिश में गर्भवती महिला का रेस्क्यू, अस्पताल पहुंचाया:प्रशासन बना सहारा, रेस्क्यू बोट से गर्भवती को अस्पताल पहुंचाया
यजुर्वेद के पांच मंत्रों से अर्पित होती है भस्म आरती:महाकाल के भोग के लिए आज भी मांगी जाती है भिक्षा, जानिए क्या है भस्म आरती का रहस्य
Comments
No approved comments yet.
