Mediapramukh.com
राज्य

बंधक बनाया, वीडियो वायरल और फिर सुसाइड:गुना में भतीजा महिला को साथ ले गया, तो चाचा को बंधक बनाया; गाने लगाकर वीडियो वायरल किया

AdminAugust 8, 2026
बंधक बनाया, वीडियो वायरल और फिर सुसाइड:गुना में भतीजा महिला को साथ ले गया, तो चाचा को बंधक बनाया; गाने लगाकर वीडियो वायरल किया
गुना जिले के आरोन इलाके में सुसाइड करने वाले युवक के मामले में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पहले कुछ लोगों ने युवक को बंधक बनाया, उसके हाथ बांधे और वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो पर गाना लगाया और सोशल मीडिया पर डाल दिया। इसी से परेशान होकर युवक ने सुसाइड कर लिया। बता दें कि आरोन इलाके के अमरपुरा गांव में रहने वाला कजोड़ बंजारा(40) पिता दीपा बंजारा दूसरों के खेत पर मजदूरी करता था। शुक्रवार सुबह वह घर से अनाज लेकर आरोन बेचने के लिए गया। इसके बाद वह गांव वापस आ गया। गांव के बाहर ही उसने जहर खा लिया और घर पहुंच गया। परिवार वालों ने देखा, तो वह उल्टी कर रहा था। परिवार वाले उसे लेकर साडा अस्पताल पहुंचे, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पीएम के बाद शव परिवार वालों को सौंप दिया। लड़की भगाने को लेकर हुई मारपीट कजोड़ के भाई जगदीश बंजारा ने बताया कि होरीबे गांव के लोगों के साथ उसकी पुरानी रंजिश चल रही थी। जून महीने में भी उन लोगों ने कजोड़ के साथ मारपीट की थी। इसकी उसने आरोन थाने, कलेक्टर कार्यालय और एसपी ऑफिस में भी शिकायत की थी। उसने बताया कि पूरा मामला कजोड़ के भतीजे द्वारा एक महिला को ले जाने से शुरू हुआ। कजोड़ का भतीजा होरीबे गांव की एक महिला को साथ ले गया था। उसने महिला को अपने साथ रख लिया था। उस महिला के परिवार को शक था कि महिला को ले जाने में कजोड़ ने अपने भतीजे की मदद की थी। इसी बात पर पूरा झगड़ा था। जिसकी पत्नी थी, वह तो कुछ नहीं बोलता था, लेकिन होरीबे गांव के नारायण, वीरम, भूरा, जीवन कजोड़ को परेशान करते थे। जून महीने में बनाया बंधक जून महीने में कजोड़ आरोन गया था। इसी दौरान महिला के परिवार वाले आए और कजोड़ को अपने साथ ले गए और बंधक बना लिया। इस दौरान उसके हाथ भी बांध दिए और उसके साथ मारपीट की। उसी समय उन लोगों ने कजोड़ के वीडियो भी बना लिए। जब कजोड़ वापस नहीं आया, तो उसके परिवार वाले पुलिस के पास पहुंचे। पुलिस ने दबिश देकर उसे छुड़वाया। पत्नी के साथ जाते समय की मारपीट इसके बाद 12 जून को कजोड़ अपनी पत्नी और बच्चों के साथ इलाज कराने जा रहा था। इसी दौरान शेरपुर के घाटी के पास इन्हीं लोगों ने इसे रोक लिया। उसके साथ गाली गलौज और मारपीट भी की। इसके अलावा उसकी पत्नी के गहने, 25 हजार नकदी और बाइक भी इससे लूट ले गए। 15 जून को कजोड़ ने इसकी शिकायत एसपी से की। इसके अगले दिन कलेक्टर को भी शिकायती पत्र सौंपा था। गाने लगाकर वीडियो वायरल किया कजोड़ को बंधक बनाने के दौरान आरोपियों ने उसके जो वीडियो बनाए थे, वो उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। उसके हाथ बांधे हुए वीडियो में पीछे आवाज लगाई, जिसमें कहा जा रहा है कि "कब आएगा वो दिन, जब हम भीत एरी फोटो पर ये गाना लगाएंगे की दूल्हा बन गया ओए, घोड़ी चढ़ गया ओए। या फिर डायरेक्ट ये गाना लगवा के मानेगा- चला गया चांद कहां, आसमां को छोड़ के। लोगों ने बताया वीडियो वायरल हो रहा तीन दिन पहले कजोड़ अनाज लेने आरोन गया था। इसी दौरान वहां मिले उसके रिश्तेदारों ने उसे बताया कि तेरी वीडियो वायरल हो रही है। इसमें उसके गले में जूतों की माला पहनाई गई है। रिश्तेदारों की बात सुनकर वह वापस अपने गांव आ गया। शुक्रवार को फिर वह किसी काम से आरोन गया। वहां फिर रिश्तेदारों ने बताया कि तेरी वीडियो वायरल हो रही है। समाज में बहुत बदनामी हो गई है। यह बार कजोड़ को चुभ गई। वह आरोन से सलफास खरीदकर गांव आया। गांव के बाहर उसने जहर खाया और अपने घर पहुंच गया। वहां परिवार वालों को पता चला, तो उसे लेकर अस्पताल भागे। भाई जगदीश ने बताया कि जब उसे इलाज के लिए ले जा रहे थे, तब उसने बताया था कि उसके ऐसे वीडियो इन लोगों ने वायरल कर दिए हैं। इससे बहुत बदनामी हो गई है। समाज के लोग थू थू कर रहे हैं। इसलिए उसने जहर खा लिया है। पुलिस ने फिलहाल मार्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

Related News

Comments

No approved comments yet.