Mediapramukh.com
राज्य

निशातपुरा स्टेशन से दौड़ी मालवा एक्सप्रेस:CM मोहन यादव ने दिखाई हरी झंडी, भोपाल को मिला चौथा रेलवे स्टेशन

AdminJuly 28, 2026
निशातपुरा स्टेशन से दौड़ी मालवा एक्सप्रेस:CM मोहन यादव ने दिखाई हरी झंडी, भोपाल को मिला चौथा रेलवे स्टेशन
करीब तीन साल से तैयार होकर भी संचालन का इंतजार कर रहे निशातपुरा रेलवे स्टेशन का मंगलवार को औपचारिक शुभारंभ हो गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निशातपुरा स्टेशन से मालवा एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और यहां उसके नियमित ठहराव की शुरुआत की। साथ ही जबलपुर-वेरावल सोमनाथ एक्सप्रेस के नए स्टॉपेज का भी शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही निशातपुरा भोपाल का चौथा रेलवे स्टेशन बन गया। कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण तथा सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग, विधायक विष्णु खत्री, महापौर मालती राय, रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे में अभूतपूर्व बदलाव हुए हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली से उज्जैन और इंदौर की ओर जाने वाली ट्रेनों को अब इंजन या ट्रैक बदलने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे रेल संचालन और अधिक सुगम बनेगा। उन्होंने कहा कि मालवा एक्सप्रेस का वैष्णो देवी और सोमनाथ एक्सप्रेस का सोमनाथ धाम से सीधा जुड़ाव होने के कारण निशातपुरा स्टेशन का महत्व और बढ़ गया है। सिंहस्थ सहित भविष्य में बढ़ने वाले यात्री दबाव को देखते हुए यह स्टेशन मुख्य भोपाल रेलवे स्टेशन का भार कम करने में भी अहम भूमिका निभाएगा। आसपास के इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब 14 करोड़ रुपए की लागत से विकसित निशातपुरा स्टेशन केवल रेलवे स्टेशन नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास का नया केंद्र बनेगा। इससे आसपास के इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और व्यापार, रोजगार व स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। रेलवे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 के बाद मध्यप्रदेश में करीब 2,800 किलोमीटर नई रेल लाइन बिछाई गई है और प्रदेश का पूरा रेल नेटवर्क विद्युतीकृत हो चुका है। उन्होंने कहा कि अब प्रतिदिन औसतन 34 किलोमीटर रेल लाइन बिछाई जा रही है। वंदे भारत ट्रेन, अमृत भारत स्टेशन योजना, तीसरी-चौथी रेल लाइन और भोपाल में प्रस्तावित लगभग 1,800 करोड़ रुपए की रेलवे कोच फैक्ट्री जैसी परियोजनाएं प्रदेश में रेलवे के तेजी से हो रहे विस्तार का उदाहरण हैं। मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि निशातपुरा रेलवे स्टेशन का संचालन शुरू होना नरेला विधानसभा सहित पूरे भोपाल के लिए बड़ी सौगात है। उन्होंने कहा कि रेलवे के इस विस्तार से शहर के विकास को नई दिशा मिलेगी।

Related News

Comments

No approved comments yet.