दुबई रवाना हुए सीएम डॉ. मोहन यादव:6 से 9 सितंबर तक UAE में रहेंगे, निवेशकों को देंगे GIS का न्योता
AdminSeptember 6, 2026
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को चार दिवसीय दुबई दौरे पर रवाना हो गए। वे 6 से 9 सितंबर तक ‘इन्वेस्ट मध्यप्रदेश-दुबई 2026’ के तहत संयुक्त अरब अमीरात के प्रमुख निवेशकों, उद्योग समूहों और वैश्विक कारोबारी नेतृत्व से सीधे संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री का यह दौरा मध्यप्रदेश में नए निवेश, व्यावसायिक साझेदारियों और दीर्घकालिक सहयोग के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दुबई में मुख्यमंत्री एआईएम कांग्रेस-2026 में भी शामिल होंगे। यहां मध्यप्रदेश पवेलियन के जरिए प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, निवेश के अवसर, पर्यटन और स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। मुख्यमंत्री विभिन्न देशों के नीति-निर्माताओं और यूएई के शीर्ष कारोबारी नेतृत्व से मुलाकात कर मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे। पहले दिन प्रवासी भारतीयों से संवाद, अरब संसद अध्यक्ष को देंगे जीआईएस का न्योता दुबई पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री का प्रवासी भारतीय समुदाय द्वारा स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे एक जिला-एक उत्पाद (ओडीओपी) स्टॉल का उद्घाटन करेंगे। इसमें बेल मेटल, चंदेरी, माहेश्वरी, बाटिक, जरी-जरदोजी और ग्वालियर कारपेट जैसे मध्यप्रदेश के स्थानीय उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री यूएई में भारत के राजदूत डॉ. दीपक मित्तल और दुबई के महावाणिज्य दूत डॉ. ई. विष्णु वर्धन रेड्डी से मुलाकात करेंगे। साथ ही अरब संसद के अध्यक्ष मोहम्मद अहमद अल यम्माही के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें इन्वेस्ट मध्यप्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 के लिए आमंत्रित करेंगे। 500 बड़े निवेशकों के बीच रखेंगे मध्यप्रदेश का पक्ष दुबई दौरे के पहले दिन मुख्यमंत्री एआईएम कांग्रेस के आमंत्रण-आधारित ‘टाइकून्स’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसमें करीब 500 संप्रभु संपदा कोष, फैमिली ऑफिस और प्रमुख कॉरपोरेट संस्थानों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। मुख्यमंत्री एआईएम कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. थानी बिन अहमद अल ज़ेयूदी से भी मुलाकात करेंगे। दूसरे दिन एआईएम कांग्रेस में मध्यप्रदेश पवेलियन का उद्घाटन 7 सितंबर को मुख्यमंत्री एआईएम कांग्रेस-2026 के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे और लीडर्स सेशन को संबोधित करेंगे। वे मध्यप्रदेश पवेलियन का उद्घाटन कर प्रदेश की निवेश क्षमता और प्रमुख क्षेत्रों को वैश्विक निवेशकों के सामने रखेंगे। मुख्यमंत्री रास अल खैमाह के शासक शेख सऊद बिन सक्र अल कासिमी से मुलाकात कर उन्हें ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 का न्योता देंगे। इसके अलावा तातारस्तान के गवर्नर से बैठक और ‘इन्वेस्ट इन मध्यप्रदेश–इंडिया’ निवेश सत्र भी होगा। इस दौरान मध्यप्रदेश की नीतियों और निवेश अवसरों को सामने रखा जाएगा। इसी दिन यूएई के अर्थव्यवस्था एवं पर्यटन मंत्री अब्दुल्ला बिन तौक अल मर्री, डॉ. थानी बिन अहमद अल ज़ेयूदी और लूलू ग्रुप इंटरनेशनल के चेयरमैन एवं एमडी यूसुफ अली एमए के साथ उच्चस्तरीय बैठकें होंगी। तीसरे दिन बड़े उद्योग समूहों से वन-टू-वन बैठक 8 सितंबर को मुख्यमंत्री का फोकस सीधे निवेशकों से बातचीत पर रहेगा। वे राणा होल्डिंग्स, जेम्स एजुकेशन, क्रेसेंट ग्रुप, प्योर हेल्थ, शराफ ग्रुप, चोइथराम्स, डीपी वर्ल्ड, ब्यूमर्क कॉरपोरेशन, वेस्ट जोन, केजीके ग्रुप, विस्टास मीडिया कैपिटल और वीएफएस ग्लोबल सहित प्रमुख कारोबारी समूहों के प्रतिनिधियों से वन-टू-वन बैठक करेंगे। इसके बाद शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष अब्दुल्ला सुल्तान अल ओवैस और शारजाह चैंबर एवं आईबीपीसी शारजाह के प्रतिनिधियों के साथ राउंड टेबल बैठक होगी। मुख्यमंत्री यहां भी निवेशकों को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 के लिए आमंत्रित करेंगे। रियल एस्टेट और पर्यटन पर भी नजर मुख्यमंत्री बीआह ग्रुप के सीईओ और दुबई के प्रमुख कारोबारी समूह इमार के सीईओ से भी मुलाकात करेंगे। इमार के साथ बैठक में रियल एस्टेट, शहरी विकास और संबंधित क्षेत्रों में संभावित निवेश एवं सहयोग पर चर्चा महत्वपूर्ण होगी। दौरे के अंतिम दिन शाम को ‘इन्वेस्ट मध्यप्रदेश: निवेश अवसरों पर संवाद’ सत्र होगा। इसमें यूएई के व्यवसाय एवं परोपकार के लिए विशेष दूत बद्र जाफ़र विशिष्ट अतिथि होंगे। मुख्यमंत्री इस सत्र में मध्यप्रदेश की औद्योगिक और पर्यटन क्षमता को निवेशकों के सामने रखेंगे। 9 सितंबर को मुख्यमंत्री दुबई से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे
Related News
'सरकार है या हत्या करने वाली मशीनरी':ग्वालियर में बोले जीतू पटवारी- दोषियों को 24 घंटे में जेल भेजे; राहुल के दौरे को अनुमति दें
बेटी-नवजात की मौत पर पिता के अनशन का पांचवां दिन:जिलेभर के लोगों से धरना स्थल पहुंचने की अपील; जिम्मेदारों पर FIR की मांग पर अड़े
MP में अल्पेश कोगजे 30वें चीफ जस्टिस:राष्ट्रपति की मिली मंजूरी, केंद्र सरकार ने जारी की अधिसूचना; अगले सप्ताह ले सकते है शपथ
सिंहस्थ-2028 में 125 से ज्यादा ट्रेनें चलाएगा रेलवे:इंदौर पहुंचे चेयरमैन सतीश कुमार बोले- यात्रियों की सुरक्षा के लिए AI कैमरों से होगी निगरानी
Comments
No approved comments yet.
