Mediapramukh.com
देश

NEET केस- फास्ट ट्रैक कोर्ट में पहले दिन सुनवाई टली:CBI की तरफ से कोई वकील नहीं पहुंचा; PM ने 23 जुलाई को किया था इसका ऐलान

AdminJuly 27, 2026
NEET केस- फास्ट ट्रैक कोर्ट में पहले दिन सुनवाई टली:CBI की तरफ से कोई वकील नहीं पहुंचा; PM ने 23 जुलाई को किया था इसका ऐलान
नीट पेपर लीक मामले में राउज एवेन्यू की स्पेशल फास्ट ट्रैक कोर्ट में सोमवार को पहले ही दिन सुनवाई टल गई। सुनवाई के दौरान CBI की ओर से कोई सरकारी वकील मौजूद नहीं था। इसके बाद कोर्ट ने डायरेक्टर ऑफ प्रोसिक्यूशन को CBI का पक्ष रखने के लिए सरकारी वकील नियुक्त करने का निर्देश दिया। कोर्ट ने आरोपी दिनेश बिवाल और विकास बिवाल की जमानत याचिका पर सुनवाई 3 अगस्त तक टाल दी। आरोपियों की ओर से वकील एपी सिंह पेश हुए थे। यह पब्लिक एग्जामिनेशन (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) एक्ट, 2024 के तहत बनी स्पेशल फास्ट ट्रैक कोर्ट में इस मामले की पहली सुनवाई थी। अब NEET पेपर लीक से जुड़े सभी मामलों की सुनवाई इसी कोर्ट में होगी। पीएम मोदी ने 23 जुलाई को पेपर लीक मामले को लेकर अपने पहले सोशल मीडिया पोस्ट में फास्ट ट्रैक कोर्ट्स बनाने की घोषणा की थी। 23 जुलाई और 26 जुलाई को पीएम ने सोशल मीडिया पर दो वीडियो मैसेज जारी किए थे। दोनों में उन्होंने कहा था कि दोषियों पर कार्रवाई के लिए हमने फास्ट ट्रैक कोर्ट बना दिए हैं। CBI ने अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया नीट पेपर लीक मामले में CBI ने अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी 6 अगस्त तक न्यायिक हिरासत में हैं। इस मामले में 12 मई को एक सरकारी अधिकारी की शिकायत पर BNS, प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट और परीक्षा में अनुचित साधनों के इस्तेमाल से जुड़ी धाराओं में FIR दर्ज की गई थी। एजेंसी के मुताबिक, पेपर लीक का नेटवर्क शुभम खैरनार, यश यादव, मांगीलाल बिंवाल, विकास बिंवाल और दिनेश बिंवाल तक फैला था। जांच में मांगीलाल के मोबाइल फोन से लीक हुआ पेपर बरामद होने का दावा किया गया है। आरोप है कि मांगीलाल ने अपने बेटे विकास के लिए NEET का प्रश्नपत्र खरीदने के मकसद से शुभम खैरनार से संपर्क किया था। CBI ने बताया कैसे एक आरोपी से दूसरे तक पहुंचा पेपर पेपर लीक केस के लिए पहली बार फास्ट ट्रैक कोर्ट देश में अब तक पेपर लीक मामलों की सुनवाई सामान्य अदालतों में होती थी, इसलिए फैसला आने में कई साल लग जाते थे। नीट पेपर लीक विवाद के बाद पहली बार फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाया गया है, ताकि फैसला तेजी से हो सके। भारत में फास्ट ट्रैक कोर्ट की शुरुआत साल 2000 में हुई थी। इनका गठन 11वें वित्त आयोग की सिफारिश पर किया गया था। आयोग ने देशभर में 1734 फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने के लिए स्पेशल फंड की अनुशंसा की थी। फास्ट ट्रैक कोर्ट का रिकॉर्ड भी बेहतर रहा है। केंद्र सरकार के अनुसार, रेप और POCSO मामलों के लिए बनी फास्ट ट्रैक कोर्ट ने 2019 से 2025 तक 3.06 लाख से ज्यादा मामलों का निपटारा किया है। इन अदालतों में मामलों के निपटारे का रेट 96.28% है, यानी जितने नए मामले आए, लगभग उतने ही मामलों का निपटारा भी हुआ। हालांकि, नए मामले लगातार दर्ज होने के कारण 2025 के अंत तक 2.45 लाख से ज्यादा मामले पेंडिंग थे, जबकि 2024 के अंत में यह संख्या 2.04 लाख थी। ----------------------------- नीट पेपर लीक से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… पेपर लीक से जुड़ा संशोधन बिल लोकसभा में पेश, विपक्ष का हंगामा; छात्रों की पिटाई मामले पर बहस के लिए अड़ा पेपर लीक से जुड़ा लोक परीक्षा (संशोधन) विधेयक सोमवार को लोकसभा में पेश हुआ। हालांकि, विपक्ष के हंगामे की वजह से दोपहर 2 बजे तक बिल पर चर्चा शुरू नहीं हो सकी। कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसद वेल में पहुंच गए और 20 जुलाई से छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई पर बहस की मांग करने लगे। पूरी खबर पढ़ें…

Related News

Comments

No approved comments yet.